
ग्रामीण बन रहे संपत्ति के मालिक और बहनें आत्मनिर्भर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने उज्जैन के ढेंडिया में नवीन ग्राम पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का किया लोकार्पण ग्रामीण क्षेत्र के 74791 मकान मालिकों की रजिस्ट्री पूरी करने के साथ उज्जैन जिला पहुंचा दूसरे नंबर पर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) में हमारी सरकार ग्रामीण पट्टाधारकों के मकानों एवं प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री कर उन्हें वास्तविक भूस्वामी बना रही है। प्रदेश में बहनों को भी आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत ढेंडिया की बहनें अब आत्मनिर्भर बन गई है। वे पास में ही खुले वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके 12 से 15 हजार रुपए महीने कमा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि गांव की ग्रामीण महिलाएं और ग्राम पंचायतें भी आत्मनिर्भर बनें।ग्राम पंचायत ढेंडिया ने प्रदेश में एक अनूठा काम करते हुए मैरिज गार्डन बनाया है। यह लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में फैला है और सर्व सुविधायुक्त है। इससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी और आमजन को किफायती दर पर मैरिज गार्डन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को दीपावली पर उज्जैन जिले के ग्राम ढेंडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन सह मेरिज गार्डन का लोकार्पण कर यह उद्गार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के तहत ऑनलाइन ग्रामीणों की रजिस्ट्री का निष्पादन किया। उज्जैन जिले में अब तक 74 हज़ार 791 पात्र हितग्राहियों के मकानों एवं प्लॉट की रजिस्ट्री कार्य का निष्पादन हो चुका है। संख्या के हिसाब से उज्जैन जिला योजना में पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले केवल शहर वालों के पास ही रजिस्ट्री हुआ करती थी, गांव में मकान की कोई कीमत नहीं होती थी। हमारी सरकार ने अपनी ओर से 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखकर गांव के पट्टेदारों एवं मकान मालिकों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की योजना चलाई है। अब गांव के मकान और प्लॉट की भी कीमत होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत प्रदेश में 50 से 70 लाख पात्र ग्रामीण पट्टेधारियों की सम्पत्ति की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्राम ढेंडिया उज्जैन शहर के बिल्कुल पास में है। यहां के लोग अपने घर में 8 अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे चला सकते है। इस तरह के होमस्टे निर्माण के लिए सरकार 2 लाख रुपए तक की मदद दे रही है तथा इसमें बिजली का बिल भी घरेलू उपयोग दर से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर प्रयास कर रही है। गाय, भैंस, बकरी, अन्य पशु सहित मत्स्य पालन के लिए ऋण दिया जा रहा है। प्रदेश के गांव-गांव में सांची (दुग्ध संघ) द्वारा दुग्ध सहकारी समितियां निर्मित की जा रही है।
सर्वसुविधायुक्त ग्राम पंचायत भवन एवं मैरिज गार्डन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम ढेंडिया में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्व सुविधायुक्त पंचायत भवन का लोकार्पण किया। पंचायत भवन में सरपंच, सचिव, पटवारी कक्ष के अलावा एक सर्वसुविधायुक्त मीटिंग हॉल बनाया गया है। इसी के साथ प्रदेश में पहली बार किसी ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत का 5 बीघा क्षेत्र में शानदार मैरिज गार्डन बनाया गया है। यह ग्राम पंचायत ढेंडिया के स्वामित्व में बना प्रदेश का ऐसा पहला मैरिज गार्डन है, जिसमें 26 सर्व सुविधायुक्त कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम तथा 3,600 वर्ग फीट का बड़ा किचन शेड बनाया गया है। गार्डन सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल एवं भव्य स्टेज की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस योजना के तहत अबतक श्रेष्ठ कार्य करने वाले तहसीलदार एवं पटवारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले तहसीलदारों में श्री अनिरुद्ध मिश्रा तथा पटवारी श्री कृष्णचंद्र शर्मा, श्री कार्तिकेय सेंगर, श्री कमलेन्द्र मिश्रा, श्री कमलदीप शर्मा, श्री हरीश पारिया, श्री देवेंद्र पालिवाल, सुश्री अंजली ढोले, श्री रामेश्वर वारसी, श्री श्यामसुंदर शर्मा, श्री सुनील चौहान, श्री राहुल भाटी, श्री राधेश्याम शर्मा एवं सुश्री दर्शना राठौर शामिल हैं।
कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री जयसिंह दरबार, श्री संजय अग्रवाल, श्री कमल बैरवा, श्री जगदीश पांचाल, ग्राम सरपंच श्रीमती सावित्री नरेंद्र पोरवाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।



Leave a Reply